Tahalka Aawaz आपकी आवाज
📍 सासाराम | दिनांक: 02 अप्रैल 2026
रोहतास समाहरणालय स्थित डीआरडीए सभागार में गुरुवार को जिला पदाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की डी-ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता-सह-अपर जिला दंडाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी (सासाराम एवं डेहरी) तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित कई वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान हाल ही में संपन्न रामनवमी शोभायात्रा के शांतिपूर्ण आयोजन पर सभी संबंधित विभागों, शांति समिति के सदस्यों एवं आमजन के सहयोग की सराहना की गई। विशेष रूप से ढोल-नगाड़ों के साथ निकली तकिया की शोभायात्रा को भी अनुशासित एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए सराहा गया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि प्रशासन की तत्परता, आपसी सौहार्द और नागरिकों की जागरूकता के कारण यह पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ, जो पूरे जिले के लिए गर्व की बात है।
इस अवसर पर जिला स्तरीय शांति समिति एवं नगर पूजा समिति के कई सदस्यों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित व्यक्तियों में मो० अखलाख अहमद रिजवी, सरदार सुचीत सिंह उर्फ पप्पू, सत्य नारायण स्वामी, प्रो० गुरुचरण सिंह, संजय कुमार सिंह उर्फ बालाजी, मो० शाहनवाज खान, शौकत अली खान, विनय प्रकाश, मदन प्रसाद वैश्य, मो० गुलाम मुस्ताफा, अशोक कुमार, राम इकबाल सिंह, डॉ सरोज कुमार, कमलेश महतो, संदीप सोनी, सरदार मानिक सिंह, मुरारी सिंह एवं संजय कुमार गुप्ता शामिल रहे।
इसके अतिरिक्त नगर पूजा समिति सासाराम के महामंत्री संतोष कुमार, अध्यक्ष डॉ शिवनाथ चौधरी एवं उपाध्यक्ष सह मीडिया प्रभारी रजनीश कुमार वर्मा को भी सम्मानित किया गया। वहीं हिन्दू सेवा दल के सदस्यों को भी उनके योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
जिला पदाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि जिले में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रशासन और समाज के सभी वर्गों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने भविष्य में भी इसी तरह समन्वय और सतर्कता बनाए रखने की अपील की।

Post a Comment