खबर: Tahalka Aawaz आपकी आवाज
मनीष कुमार/अकोढी गोला/रोहतास:-
रोहतास जिले के अकोढी गोला थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 55 वर्षीय अजय यादव की मौत हो गई। बताया जाता है कि अजय यादव पतरातु रेलवे में क्रेन चालक के रूप में कार्यरत थे और एक रिश्तेदार के यहां शादी में शामिल होने के लिए एक दिन पहले ही घर आए थे।
गुरुवार को उनकी पत्नी खरीदारी के लिए अकोढी गोला बाजार गई हुई थीं। पत्नी को लाने के लिए अजय यादव मोटरसाइकिल से अकोढी गांव से बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मेन रोड पर उनकी बाइक और बस के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल अजय यादव को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में शोक की लहर है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है।

Post a Comment