⚡ ब्रेकिंग News

डेहरी में शांति समिति की बैठक आयोजित, त्योहारों को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील

 

Tahalka Aawaz आपकी आवाज 

डेहरी (रोहतास), 19 मार्च 2026:

नगर परिषद, डेहरी के सभागार में जिला पदाधिकारी, रोहतास की अध्यक्षता में आगामी ईद-उल-फितर, चैती छठव्रत एवं रामनवमी 2026 के अवसर पर शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में पुलिस अधीक्षक, रोहतास, अनुमंडल पदाधिकारी डेहरी एवं सासाराम, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, शांति समिति के सदस्य तथा धार्मिक एवं सामाजिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक में सभी उपस्थित लोगों से सुझाव प्राप्त करने के उपरांत जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सभी त्योहार आपसी सौहार्द, भाईचारे एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाए जाएं, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। शोभायात्राओं के मार्गों पर आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग की जाएगी तथा अतिसंवेदनशील स्थलों की पहचान कर वहां नियंत्रण कक्ष स्थापित किए जाएंगे।

रामनवमी के अवसर पर निकलने वाले जुलूसों के दौरान चिकित्सा दल एवं एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। किसी भी आपात स्थिति में डायल-112 पर संपर्क कर पुलिस सहायता लेने की अपील की गई।

प्रशासन ने यह भी निर्देश दिया कि जुलूस के लिए अनुज्ञप्ति जारी करते समय सभी शर्तों का सख्ती से पालन कराया जाए। ईदगाह, मस्जिद, छठ घाट एवं जुलूस मार्गों पर साफ-सफाई, पेयजल एवं स्ट्रीट लाइट की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

विद्युत विभाग को जुलूस मार्गों के आसपास लटके तारों को हटाने का निर्देश दिया गया है। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

शांति समिति के सदस्यों को अपने-अपने क्षेत्रों में बैठक कर लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया गया। साथ ही असामाजिक तत्वों से दूरी बनाए रखने की अपील की गई।

डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा तथा ध्वनि प्रदूषण नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। सभी प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी/वीडियोग्राफी की व्यवस्था की जाएगी और जहां पुलिस बल की तैनाती संभव नहीं होगी, वहां चौकीदारों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।

त्योहारों के दौरान सुचारू यातायात व्यवस्था के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया जाएगा। चिन्हित उपद्रवियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा सभी थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च एवं गश्ती बढ़ाई जाएगी। धार्मिक स्थलों के आसपास ड्रोन एवं मोबाइल पेट्रोलिंग से निगरानी की जाएगी।

बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने, अफवाहों से बचने तथा त्योहारों को आपसी प्रेम, सौहार्द एवं शांति के साथ मनाने की अपील की।


Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...