Tahalka Aawaz आपकी आवाज
सासाराम- समेकित बाल विकास सेवाएं (आई.सी.डी.एस.) के अंतर्गत कार्यरत सेविका/सहायिका एवं संविदा पर नियुक्त महिला पर्यवेक्षिकाओं की सेवा अवधि के दौरान मृत्यु होने की स्थिति में उनके निकटतम आश्रित परिवारों को अनुग्रह अनुदान प्रदान करने हेतु जिला प्रशासन, रोहतास द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई है। इस क्रम में कुल 06 लाभुक आश्रितों के बीच प्रति आश्रित ₹4,00,000 (चार लाख) की दर से अनुग्रह अनुदान स्वीकृत किया गया है। परियोजना सांचोली के अंतर्गत केंद्र तिलौथू-1 की सेविका स्व० विमला देवी के निधन पर उनके पति श्री महेंद्र प्रसाद साह को सहायता प्रदान की गई। इसी प्रकार करगहर परियोजना के सेवापुर केंद्र की सहायिका स्व० विमला देवी के आश्रित पति श्री सर्वजीत राम को अनुदान दिया गया। करगहर परियोजना के जोगा परसी केंद्र की सेविका स्व० जितावली देवी के आश्रित पति श्री संजय कुमार को भी सहायता राशि स्वीकृत की गई। इसी क्रम में दिनारा परियोजना के केंद्र फेन-1 की सेविका स्व० अनीता कुंवर के निधन पर उनके पुत्र श्री बिमल कुमार को अनुग्रह अनुदान दिया गया। नासरीगंज परियोजना के माधोपुर केंद्र की सहायिका स्व० इंदु देवी के आश्रित पति श्री श्याम बिहारी पासवान को सहायता प्रदान की गई। वहीं विक्रमगंज परियोजना के धारूपुर (सलेमपुर) केंद्र की सहायिका स्व० जनक दुलारी कुंवर के निधन पर उनके पुत्र श्री चंदन कुमार को अनुदान स्वीकृत किया गया। वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक सेवा अवधि के दौरान मृत कुल 45 सेविका/सहायिका एवं संविदा महिला पर्यवेक्षिकाओं के निकटतम आश्रितों को ₹4 लाख प्रति आश्रित की दर से कुल ₹1 करोड़ 80 लाख की सहायता राशि स्वीकृत एवं वितरित की जा चुकी है। जिला पदाधिकारी, रोहतास (सासाराम) के अनुमोदन उपरांत इस योजना के माध्यम से प्रभावित परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी पात्र आश्रितों को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से सहायता उपलब्ध कराई जाए।

Post a Comment