सासाराम, रोहतास:- माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार द्वारा प्रगति यात्रा के दौरान घोषित योजना के अंतर्गत रोहतास जिला के नौखा प्रखंड में नौखा–नासरीगंज पथ के द्वितीय कि०मी० पर बक्सर मुख्य कैनाल (श्रीखंडा लघु) पर निर्माणाधीन उच्च स्तरीय आर.सी.सी. पुल एवं पहुंच पथ निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा हेतु आज जिला पदाधिकारी रोहतास श्रीमती उदिता सिंह द्वारा स्थल निरीक्षण किया गया। यह योजना 26.77 करोड़ रुपये की प्राक्कलित राशि से संचालित है। योजना के कार्यारंभ की तिथि 04.07.2025 है तथा कार्य पूर्ण करने की निर्धारित तिथि 03.07.2027 है। वर्तमान में निर्माण कार्य प्रगति पर है। निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता रोहतास, उप विकास आयुक्त रोहतास तथा पुल निर्माण निगम के संबंधित पदाधिकारी एवं अभियंता उपस्थित रहे। जिला पदाधिकारी ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रगति एवं निर्धारित समय-सीमा की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि कार्य निर्धारित अवधि के भीतर पूर्ण किया जाए तथा तकनीकी मानकों एवं गुणवत्ता के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए। निर्माणाधीन पुल की लंबाई 148.20 मीटर एवं चौड़ाई 12 मीटर निर्धारित है। पुल निर्माण पूर्ण होने के उपरांत आरा–सासाराम पथ, नौखा–विक्रमगंज पथ तथा नासरीगंज–डिहरी पथ पर हल्के एवं भारी वाहनों का परिचालन अधिक सुगम होगा। साथ ही संझौली से राजपुर की दूरी 50 कि०मी० से घटकर लगभग 10 कि०मी० रह जाएगी, जिससे आमजन को समय एवं ईंधन की बचत के साथ आवागमन में अत्यधिक सुविधा प्राप्त होगी।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित अभियंताओं को निर्देशित किया कि नियमित रूप से स्थल निरीक्षण करते हुए प्रगति प्रतिवेदन समर्पित करें तथा किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न होने पर तत्काल समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री द्वारा घोषित सभी योजनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उप विकास आयुक्त ने विभागीय समन्वय के माध्यम से कार्य को गति प्रदान करने की बात कही। पुल निर्माण निगम के अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि कार्य निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप तीव्र गति से संपादित किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा पुनः स्पष्ट किया गया कि जनहित से जुड़ी इस महत्वपूर्ण परियोजना को समय पर पूर्ण कर क्षेत्र के विकास को नई दिशा प्रदान की जाएगी।

Post a Comment