⚡ ब्रेकिंग News

कैमूर- 2026 होली को ले कर शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह हाई अलर्ट पर

 

Tahalka Aawaz आपकी आवाज 

भभुआ (कैमूर)- आगामी होली के त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक महोदय कैमूर की संयुक्त अध्यक्षता में आज दिनांक 28.02.2026 को लिच्छवी भवन, भभुआ में एक महत्वपूर्ण संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई। इस बैठक में जिले के सभी संबंधित अधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।  जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि होली का त्योहार दिनांक 03.03.2026 से 04.03.2026 तक मनाया जाएगा, जबकि होलिका दहन 02.03.2026 की रात्रि को होगा। प्रशासन ने किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित करें और स्थानीय निवासियों के साथ समन्वय स्थापित करें। विधि-व्यवस्था पर नजर रखने के लिए समाहरणालय स्थित मुण्डेश्वरी सभागार, भभुआ में जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है, जो दिनांक 02.03.2026 की दोपहर से 05.03.2026 तक सक्रिय रहेगा। इसका दूरभाष संख्या 06189-222080 है।  सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों का तत्काल खंडन करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अफवाहों के कारण तनाव की स्थिति उत्पन्न न हो। राज्य में लागू पूर्ण शराबबंदी का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। होली के अवसर पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पेयजल की व्यवस्था, और साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश नगर निकाय और संबंधित विभागों को दिया गया है। आकस्मिक चिकित्सा सेवाओं के लिए सदर अस्पताल और अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर एम्बुलेंस और चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी प्रतिनियुक्त कर्मियों को अपने कर्तव्य स्थल पर ससमय उपस्थित होकर विधि-व्यवस्था संधारण करने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही, जिले के वरीय अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।


जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली का त्योहार मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल जिला नियंत्रण कक्ष या नजदीकी थाना को दें।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...