आक्रोशित लोगों ने किया उग्र प्रदर्शन, पथराव व आगजनी; पुलिस ने हालात पर पाया काबू, उपद्रवियों पर होगी सख्त कार्रवाईl
खबर Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
विशेष संवदाता- पटनाl
पटना सिटी। अगमकुआं थाना क्षेत्र के बड़ी और छोटी पहाड़ी चौराहा के समीप शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद इलाके में भारी बवाल हो गया। तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से 27 वर्षीय युवक मनीष उर्फ उपेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से गुस्साए स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-30) को जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठा।
आक्रोशित भीड़ ने सड़क पर खड़ी एक खाली बस समेत कई वाहनों में आग लगा दी। इसके अलावा कई वाहनों में तोड़फोड़ की गई और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को भी नुकसान पहुंचाया गया। आगजनी और हिंसा की वजह से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया तथा NH-30 पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मनीष सड़क पार कर रहा था, तभी तेज रफ्तार बस ने उसे कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क जाम कर दी।
स्थिति बिगड़ने की सूचना पर अगमकुआं थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन प्रदर्शनकारियों के उग्र विरोध और पथराव का सामना करना पड़ा। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल, दंगा नियंत्रण टीम और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद जलते वाहनों में लगी आग पर काबू पाया, जबकि पुलिस ने लोगों को समझाकर सड़क खाली कराई और यातायात बहाल कराया।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (NMCH) भेज दिया है। पूरे इलाके में एहतियात के तौर पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
एएसपी राजकिशोर सिंह ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। सड़क जाम समाप्त करा दिया गया है और आगजनी व तोड़फोड़ में शामिल उपद्रवियों की पहचान सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस बीच स्थानीय लोगों ने बड़ी और छोटी पहाड़ी क्षेत्र को जोड़ने के लिए अंडरपास निर्माण की मांग दोहराई। उनका कहना है कि इस व्यस्त मार्ग पर आए दिन सड़क हादसे होते रहते हैं। यदि यहां अंडरपास का निर्माण कराया जाए तो लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी और भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं पर काफी हद तक रोक लग सकेगी।

إرسال تعليق