⚡ ब्रेकिंग News

सड़क हादसे में माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की मौत, जेल में बंद अली से मिलने जा रहा था; घटनास्थल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरलl


खबर Tahalka Aawaz आपकी आवाजl

विशेष संवदाता- झांसी/प्रयागराज | 

उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में गुरुवार को हुए भीषण सड़क हादसे में कुख्यात माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की मौत हो गई। हादसे में उसके दोस्त अहजम उर्फ सोनू की भी जान चली गई, जबकि कार में सवार तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी लोग प्रयागराज से झांसी जिला जेल में बंद अतीक अहमद के भाई अली अहमद से मुलाकात करने जा रहे थे। हादसे के बाद घटनास्थल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

एसएसपी ने की मौत की पुष्टि

झांसी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) बीबीजीटीएस मूर्ति ने सड़क दुर्घटना में अबान अहमद और उसके साथी की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि हादसे में तीन अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार कार

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्रयागराज से झांसी आ रही तेज रफ्तार क्रेटा कार झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पूंछ थाना क्षेत्र के ग्राम खिल्ली के पास अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीम ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को बाहर निकाला।

दो की मौके पर मौत, तीन घायल

सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पूंछ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने अबान अहमद और अहजम उर्फ सोनू को मृत घोषित कर दिया। घायलों में मोहम्मद जैद, उमर सहित अन्य लोग शामिल हैं, जिनका उपचार जारी है।

बताया जा रहा है कि घायलों में से एक ने पुलिस को जानकारी दी कि मृतकों में शामिल अबान, माफिया अतीक अहमद का सबसे छोटा बेटा है। इसके बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी।

अली अहमद से मिलने जा रहे थे

पुलिस के अनुसार, कार में सवार सभी लोग झांसी जिला जेल में बंद अली अहमद से मिलने जा रहे थे। अली अहमद को वर्ष 2025 में नैनी जेल से स्थानांतरित कर झांसी जिला जेल भेजा गया था।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

प्राथमिक जांच में दुर्घटना का मुख्य कारण तेज रफ्तार और वाहन का अनियंत्रित होना माना जा रहा है। हालांकि पुलिस तकनीकी और अन्य सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और घायलों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।

अतीक परिवार से जुड़ा झांसी का तीसरा बड़ा घटनाक्रम

झांसी का नाम इससे पहले भी अतीक अहमद परिवार से जुड़े दो बड़े मामलों में सामने आ चुका है। वर्ष 2023 में अतीक के बेटे असद अहमद का झांसी के बड़ागांव क्षेत्र में एसटीएफ ने एनकाउंटर किया था। इसके बाद अतीक के भाई अली अहमद को झांसी जिला जेल में रखा गया। अब अली से मिलने जाते समय अबान अहमद की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद एक बार फिर झांसी अतीक परिवार से जुड़े बड़े घटनाक्रम का केंद्र बन गया है।

वीडियो वायरल, लेकिन पुष्टि नहीं

हादसे के बाद घटनास्थल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है। वीडियो में दुर्घटनाग्रस्त कार और घटनास्थल पर मौजूद लोगों की भीड़ दिखाई दे रही है। हालांकि Tahalka Aawaz वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता।

फिलहाल जांच जारी

पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घायलों के बयान, वाहन की तकनीकी जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। फिलहाल प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...