खबर: Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
संवादाता- मुकेश कुमार मिश्रा/नौहट्टा/रोहतास;
दारानगर पावर सबस्टेशन (पीएसएस) के पैनल में एक छिपकली के घुस जाने से सोमवार की देर शाम बड़ा तकनीकी फॉल्ट उत्पन्न हो गया, जिसके कारण इस पावर सबस्टेशन से जुड़े दर्जनों गांवों में करीब छह घंटे तक बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप रही। अचानक बिजली गुल होने से लोगों को उमस भरी गर्मी के बीच काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं घरेलू कार्य, पेयजल आपूर्ति और छोटे व्यवसाय भी प्रभावित रहे।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को हुई बारिश के दौरान 33 हजार वोल्ट लाइन का एक पिन इंसुलेटर क्षतिग्रस्त होकर फट गया था। इसके कारण बिजली आपूर्ति पहले ही बाधित हो गई थी। विद्युत विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद इंसुलेटर को बदलकर लाइन दुरुस्त की और बिजली आपूर्ति बहाल करने की तैयारी की।
इसी दौरान बिजली चालू करते ही पावर सबस्टेशन के कंट्रोल पैनल में घुसी एक छिपकली के कारण अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। शॉर्ट सर्किट के चलते सुरक्षा व्यवस्था सक्रिय हो गई और पूरे पैनल की सप्लाई बंद करनी पड़ी। इससे दारानगर पीएसएस से जुड़े सभी फीडरों की बिजली आपूर्ति फिर से ठप हो गई।
विद्युत विभाग के कनीय अभियंता (जेई) किसलय कुमार ने बताया कि पहले बारिश के कारण 33 हजार वोल्ट लाइन का पिन इंसुलेटर खराब हो गया था। उसे बदलने के बाद जैसे ही बिजली चालू की गई, उसी समय पैनल में छिपकली घुसने से शॉर्ट सर्किट हो गया। इसके कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। विभागीय कर्मियों ने देर रात तक लगातार मरम्मत कार्य किया, जिसके बाद किसी तरह बिजली आपूर्ति बहाल की जा सकी।
मंगलवार की सुबह विभागीय कर्मचारियों ने पूरे पैनल की साफ-सफाई की और तकनीकी जांच की। जांच में पुष्टि हुई कि पैनल के अंदर छिपकली के घुसने से ही शॉर्ट सर्किट हुआ था। इसके बाद आवश्यक मरम्मत और सुरक्षा उपाय अपनाए गए, ताकि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो।
बिजली बाधित रहने से क्षेत्र के उपभोक्ताओं को लगभग छह घंटे तक परेशानियों का सामना करना पड़ा। लोगों ने विभाग से पावर सबस्टेशन में नियमित साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, जिससे छोटे कारणों से भी लंबे समय तक बिजली आपूर्ति प्रभावित न हो।

Post a Comment