खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
विशेष संवादाता- आरा/बिलौटी:
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान शुक्रवार को आरा के बिलौटी गांव पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत भरत तिवारी के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान बड़ी संख्या में समर्थक और स्थानीय लोग मौजूद रहे। गांव में चिराग पासवान के पहुंचने पर जनसमूह उमड़ पड़ा और माहौल एक बड़ी जनसभा जैसा दिखाई दिया।
पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान चिराग पासवान ने उनकी पूरी बात गंभीरता से सुनी और भरोसा दिलाया कि मामले में न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को किसी भी प्रकार से अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कराने की मांग की जाएगी।
इस अवसर पर चिराग पासवान ने मामले की जांच को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोपी डीएसपी राजेश शर्मा की पोस्टिंग को अनुचित बताते हुए कहा कि ऐसे संवेदनशील मामले में निष्पक्षता बनाए रखने के लिए प्रशासन को उचित निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराने की मांग की।
गांव में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बहुजन समाज के लोग, स्थानीय नागरिक और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। लोगों ने चिराग पासवान का जोरदार स्वागत किया और न्याय की मांग को लेकर अपनी आवाज बुलंद की।
चिराग पासवान ने कहा कि समाज के हर वर्ग को न्याय मिलना चाहिए और किसी भी पीड़ित परिवार के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि कानून सभी के लिए समान है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान समर्थकों ने चिराग पासवान के समर्थन में नारे लगाए। पूरे गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।

Post a Comment