⚡ ब्रेकिंग News

नौहट्टा - बिजली विभाग की लापरवाही पड़ी भारी: टूटे तार की चपेट में आने से गाय की दर्दनाक मौत, ग्रामीणों में आक्रोश


खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl

प्रखण्ड संवादाता- मुकेश कुमार मिश्रा/नौहट्टा/रोहतास:

(नौहट्टा के पड़रिया गांव में हादसा, मुआवजे और जर्जर बिजली व्यवस्था की जांच की उठी मांग)

नौहट्टा प्रखंड के तिउरा पंचायत अंतर्गत ग्राम पड़रिया के वार्ड संख्या-04 में मंगलवार को बिजली विभाग की कथित लापरवाही के कारण एक बड़ा हादसा हो गया। बिजली का तार अचानक टूटकर नीचे गिर गया, जिसकी चपेट में आने से एक गाय की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में आक्रोश का माहौल है और ग्रामीण बिजली विभाग के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, पूनम कुँअर, पति स्वर्गीय रोमनाथ मिश्रा के घर के समीप लगे बिजली पोल पर पहले से ही तकनीकी खराबी बताई जा रही थी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली लाइन काफी समय से जर्जर स्थिति में थी, लेकिन विभाग द्वारा इसकी मरम्मत नहीं कराई गई। मंगलवार को अचानक बिजली का तार टूटकर जमीन पर गिर गया। उसी समय वहां चर रही गाय करंट की चपेट में आ गई और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने बिजली आपूर्ति बंद कराई और मृत गाय को तार से अलग किया। घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्र में कई स्थानों पर बिजली के तार और पोल जर्जर हो चुके हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इसके बावजूद विभाग समय रहते मरम्मत या बदलाव का कार्य नहीं कर रहा है।

ग्रामीणों ने मृत पशु के मालिक को सरकार की नियमानुसार उचित मुआवजा देने, घटना की निष्पक्ष जांच कराने तथा पूरे क्षेत्र के जर्जर बिजली तारों और पोलों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते बिजली व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो भविष्य में किसी व्यक्ति की जान भी जा सकती है।

ग्रामीणों ने बताया कि घटना की सूचना संबंधित बिजली विभाग के अधिकारियों और प्रशासन को दे दी गई है। लोगों ने जिला प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

तहलका आवाज अपील:

बरसात के मौसम में यदि कहीं बिजली का तार टूटा हुआ दिखाई दे तो उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तुरंत बिजली विभाग को सूचना दें। थोड़ी-सी सावधानी बड़ी दुर्घटना को टाल सकती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...