खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
मनीष कुमार/सासाराम/रोहतास:
11 जून 2026।
डीडीयू-गया रेलखंड पर नगर थाना क्षेत्र के पुराने बस पड़ाव के समीप रेलवे लाइन से एक अज्ञात महिला का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस (जीआरपी) मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक के किनारे एक महिला का शव पड़ा देखा। इसके बाद इसकी सूचना जीआरपी को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और आसपास के लोगों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन महिला की पहचान नहीं हो सकी।
जीआरपी अधिकारियों ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम एवं पहचान की प्रक्रिया के लिए सासाराम सदर अस्पताल में सुरक्षित रखा गया है। पुलिस द्वारा आसपास के थाना क्षेत्रों में सूचना भेजी जा रही है तथा गुमशुदगी से संबंधित अभिलेखों का भी मिलान किया जा रहा है, ताकि मृतका की पहचान हो सके।
पुलिस का कहना है कि महिला की उम्र, पहनावे और अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर पहचान कराने का प्रयास जारी है। साथ ही घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। फिलहाल महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
जीआरपी ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को महिला के संबंध में कोई जानकारी हो तो वे तुरंत रेलवे पुलिस अथवा नजदीकी थाना को सूचित करें, ताकि शव की पहचान कर उसे परिजनों को सौंपा जा सके।
पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और अज्ञात महिला की शिनाख्त के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

Post a Comment