तेज धूप और बारिश नहीं होने से फलियों की तुड़ाई आसान, पिछले वर्षों के नुकसान के कारण इस बार कम रकबे में हुई थी खेतीl
खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
प्रखण्ड संवादाता- मुकेश कुमार मिश्रा/नौहट्टा/रोहतास:
प्रखंड क्षेत्र के खेतों में मूंग की फसल की तुड़ाई का कार्य शुरू हो गया है। पिछले चार-पांच दिनों से किसान मूंग की पकी हुई फलियों की तुड़ाई में जुटे हैं। विगत दो सप्ताह से तेज धूप और बारिश नहीं होने के कारण फलियां अच्छी तरह पक गई हैं, जिससे किसानों को तुड़ाई करने में काफी सुविधा हो रही है। साथ ही मूंग का दाना भी बेहतर गुणवत्ता का निकल रहा है।
किसानों के अनुसार इस समय मृगशिरा नक्षत्र, जिसे स्थानीय भाषा में 'मृगडाह' कहा जाता है, चल रहा है। परंपरागत रूप से इसी अवधि में मूंग की तुड़ाई की जाती है। इस वर्ष मृगशिरा नक्षत्र के दौरान मौसम मूंग की फसल के लिए अनुकूल बना हुआ है, जिससे किसानों में अच्छी पैदावार की उम्मीद जगी है।
स्थानीय किसानों ने बताया कि यदि आने वाले दिनों में बारिश नहीं हुई और मवेशियों से फसल को नुकसान नहीं पहुंचा, तो इस वर्ष उत्पादन संतोषजनक रहेगा। हालांकि बुवाई के समय मौसम अनुकूल नहीं होने के कारण पौधों का विकास अपेक्षाकृत कम हुआ था, लेकिन बाद में मौसम में सुधार होने से पौधों में अच्छी फलियां आ गईं।
किसानों ने बताया कि पिछले वर्षों में मूंग की खेती में लगातार नुकसान होने के कारण इस बार अधिकांश किसानों ने इसकी खेती कम रकबे में की थी। इसके बावजूद जिन किसानों ने मूंग की बुवाई की थी, उनकी फसल अब अच्छी स्थिति में है और वर्तमान मौसम उन्हें बेहतर उत्पादन की उम्मीद दे रहा है।
कृषि जानकारों का भी मानना है कि यदि अगले कुछ दिनों तक मौसम इसी प्रकार शुष्क बना रहा, तो मूंग की तुड़ाई सुचारू रूप से पूरी होगी और किसानों को अच्छी गुणवत्ता के साथ बेहतर उपज प्राप्त होगी। वर्तमान परिस्थितियों ने किसानों के चेहरे पर राहत और संतोष की झलक ला दी है।

Post a Comment