खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
संवादाता- मुकेश कुमार मिश्रा/नौहट्टा/रोहतास:
अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खनन विभाग की टीम ने नौहट्टा थाना क्षेत्र के नवारा घाट पर छापेमारी कर एक बालू लदा ट्रैक्टर जब्त किया। कार्रवाई के दौरान चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया। मामले में खनन विभाग की ओर से नौहट्टा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
जानकारी के अनुसार, खान निरीक्षक प्रीतम कुमार ने नौहट्टा थाना में दर्ज कराई गई एफआईआर में बताया है कि जब्त ट्रैक्टर पर लगभग 100 घनफीट पीला बालू लदा हुआ था। जांच के दौरान ट्रैक्टर पर कोई नंबर प्लेट नहीं मिली, जिससे उसकी पहचान में कठिनाई हो रही है।
पुलिस ने जब्त ट्रैक्टर को नौहट्टा थाना परिसर में सुरक्षित रखा है। मामले की जांच कर रही एसआई अनामिका कुमारी ने बताया कि ट्रैक्टर के मालिक की पहचान की जा रही है। चालक के फरार होने के कारण उसकी तलाश भी जारी है।
पुलिस का कहना है कि ट्रैक्टर मालिक और चालक की पहचान होने के बाद उनके विरुद्ध खनन अधिनियम एवं अन्य संबंधित धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध बालू खनन और परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
तहलका आवाज की अपील है कि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अवैध खनन की सूचना प्रशासन को अवश्य दें।

Post a Comment