खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
सासाराम | संवाददाता
रोहतास जिले के नवनियुक्त जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने मंगलवार को समाहरणालय परिसर की विभिन्न शाखाओं का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयों में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मियों को समयबद्ध और पारदर्शी कार्यशैली अपनाने का निर्देश दिया।
डीएम ने विभिन्न शाखाओं में पहुंचकर कार्यालय की उपस्थिति पंजी, अभिलेखों के रख-रखाव, लंबित मामलों तथा जन शिकायतों के निष्पादन की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कर्मियों की उपस्थिति और कार्यप्रणाली पर विशेष ध्यान देते हुए सभी कर्मचारियों को निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि सभी शाखाओं में लॉग बुक का नियमित संधारण सुनिश्चित किया जाए तथा कार्यालय से संबंधित प्रत्येक गतिविधि का समुचित रिकॉर्ड रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्यों में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम दीपक कुमार मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आम जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए जन शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े।
उन्होंने लंबित आवेदनों और शिकायतों की नियमित समीक्षा करने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर उनके निस्तारण का निर्देश दिया। साथ ही कार्यालयों में साफ-सफाई, अनुशासन और बेहतर कार्य संस्कृति बनाए रखने पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान समाहरणालय के कई शाखा प्रभारी और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने सभी कर्मियों से ईमानदारी, जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की अपील की।
जिलाधिकारी के इस निरीक्षण को प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उनके सख्त निर्देशों से समाहरणालय के विभिन्न विभागों में कार्य संस्कृति में सुधार और जनसेवा की गुणवत्ता बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

Post a Comment