मुख्यमंत्री की ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ योजना के तहत आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों ने लगाए स्टॉल, स्वास्थ्य जांच, राशन कार्ड, राजस्व, आवास, पेयजल व अन्य योजनाओं से जुड़े आवेदनों का हुआ निष्पादन।
खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
प्रखण्ड संवादाता- मुकेश कुमार मिश्रा/नौहट्टा रोहतास:
प्रखंड के तिलोखर पंचायत भवन में मंगलवार को मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं को एक ही स्थान पर सुनकर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना रहा। कार्यक्रम का उद्घाटन नगर आयुक्त विकास कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मनोरमा कुमारी, अंचलाधिकारी (सीओ) हिंदुजा भारती श्री एवं पंचायत की मुखिया सविता देवी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई।
इस अवसर पर बीडीओ मनोरमा कुमारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के सात निश्चय योजना (पार्ट-3) के तहत आयोजित इस सहयोग शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को आवेदन के माध्यम से प्राप्त कर उनका समयबद्ध समाधान करना है। उन्होंने कहा कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का निष्पादन 30 दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा अलग-अलग स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों ने पेयजल, प्रधानमंत्री आवास, स्वच्छता, बिजली, स्वास्थ्य, कृषि, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा एवं अन्य सरकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन जमा किए। अधिकारियों ने मौके पर ही कई मामलों का समाधान कर लोगों को राहत प्रदान की।
एमएलसी प्रतिनिधि भानू मिश्रा ने शिविर के दौरान लेबर कार्ड एवं पेयजल संकट का मुद्दा प्रमुखता से उठाया और संबंधित अधिकारियों से शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
शिविर में आपूर्ति विभाग के पास कुल 15 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 6 मामलों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन कर दिया गया। वहीं राजस्व विभाग में 19 आवेदन आए, जिनमें 6 मामलों का तत्काल समाधान किया गया।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से चिकित्सा प्रभारी डॉ. मुकेश कुमार एवं उनकी टीम ने 127 लोगों की स्वास्थ्य जांच की तथा आवश्यक दवाइयों का नि:शुल्क वितरण किया। वहीं बीडीओ मनोरमा कुमारी ने तीन नवचयनित आशा कार्यकर्ताओं को चयन पत्र भी प्रदान किया।
नगर आयुक्त विकास कुमार ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का 30 दिनों के भीतर समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि यह शिविर अब प्रत्येक माह के पहले एवं तीसरे मंगलवार को पंचायत स्तर पर नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
उन्होंने कहा कि प्रशासन सभी विभागों के समन्वय से जनता की समस्याओं का पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर चुटिया थानाध्यक्ष रोहित कुमार, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी प्रियेश कुमार सिंह, चिकित्सा प्रभारी डॉ. मुकेश कुमार, कल्याण पदाधिकारी ब्रजेश कुमार, सहायक अभियंता सुजीत कुमार, अभय तिवारी, कृषि पदाधिकारी कन्हैया सिंह, पंचायत समिति सदस्य रेनु सिंह, सरपंच आरती कुमारी, राकेश चौबे, अजीत कुमार, बबलू कुमार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

Post a Comment