खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
विशेष संवादाता- पटना/बिहार:
बिहार राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायत आम निर्वाचन 2026 की तैयारियों को आगे बढ़ाते हुए 'प्रपत्र-1' का अंतिम प्रकाशन सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। आयोग ने बताया कि 15 जून 2026 को इस महत्वपूर्ण दस्तावेज का अंतिम प्रकाशन किया गया।
आयोग के अनुसार, प्रपत्र-1 पंचायत चुनाव का आधारभूत वैधानिक दस्तावेज है, जो वर्ष 2011 की जनगणना के आंकड़ों पर आधारित है। इसी के आधार पर पंचायत चुनाव में विभिन्न पदों के लिए आरक्षण का निर्धारण किया जाएगा। प्रपत्र में प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र का परिसीमन तथा कोटिवार जनसंख्या का विवरण दर्ज किया गया है।
राज्य निर्वाचन आयोग ने बताया कि इस संवेदनशील कार्य को संबंधित जिला पदाधिकारियों की निगरानी, निर्देशन एवं नियंत्रण में निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा कराया गया है।
आयोग के अनुसार, प्रपत्र-1 का उद्देश्य त्रिस्तरीय पंचायत संस्थाओं—ग्राम पंचायत, पंचायत समिति, जिला परिषद तथा ग्राम कचहरी—के सभी पदों पर आरक्षण की स्थिति का सटीक, त्रुटिरहित और पारदर्शी निर्धारण सुनिश्चित करना है।
आगे की प्रक्रिया
आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार:
20 जून 2026: प्रपत्र-1 के आंकड़ों का जिला गजट में प्रकाशन।
23 जून 2026: जिला गजट की प्रति राज्य निर्वाचन आयोग को उपलब्ध कराई जाएगी।
मतदाताओं के लिए सुविधा
राज्य निर्वाचन आयोग ने बताया कि मतदाता एवं नागरिक आयोग की वेबसाइट पर निर्वाचन, मतदाता सूची, मतदान केंद्र सहित अन्य जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही आयोग के टोल-फ्री कॉल सेंटर 1800-3457-243 पर संपर्क कर चुनाव संबंधी जानकारी, सुझाव अथवा शिकायत भी दर्ज करा सकते हैं।

Post a Comment