खबर Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
रवि प्रकाश दुबे/नौहट्टा/रोहतास:
रोहतास जिले के नौहट्टा प्रखंड में फर्जी प्रमाण पत्र के आधार पर नौकरी कर रहे छह शिक्षकों पर बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। शिक्षक नियोजन इकाई ने विभिन्न मध्य विद्यालयों में कार्यरत छह शिक्षकों को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। प्रमाण पत्रों की जांच संबंधित संस्थानों से कराई गई थी, जिसमें सभी के दस्तावेज फर्जी पाए गए।
बर्खास्त किए गए शिक्षकों में मध्य विद्यालय काजीपुर के रंजीत कुमार सिंह, मध्य विद्यालय परछा के सुनील कुमार मिश्र, मध्य विद्यालय चुनहट्टा के रविकांत दूबे, मध्य विद्यालय अनंदीचक के नवल कुमार, मध्य विद्यालय शाहपुर के राजन कुमार राम तथा मध्य विद्यालय तिलोखर के मनोज पाल शामिल हैं।
जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय ने बताया कि अनुमंडलीय न्यायिक दंडाधिकारी, डेहरी की अदालत में लंबित मामले के आलोक में नामजद शिक्षकों के प्रमाण पत्रों की जांच कराने का निर्णय लिया गया था। जांच के दौरान संबंधित शैक्षणिक संस्थानों से प्राप्त अभिलेखों में छह शिक्षकों के प्रमाण पत्र फर्जी पाए गए। इसके बाद शिक्षक नियोजन इकाई ने कार्रवाई करते हुए सभी को सेवा से हटाने का फैसला लिया।
बताया गया कि प्रखंड प्रमुख मीना देवी की अध्यक्षता में आयोजित शिक्षक नियोजन इकाई की बैठक में दोषी शिक्षकों को बर्खास्त करने का निर्णय लिया गया। अधिकारियों के अनुसार कार्रवाई से पूर्व सभी संबंधित शिक्षकों से स्पष्टीकरण भी मांगा गया था, लेकिन उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बर्खास्त शिक्षकों को सेवा अवधि के दौरान दिए गए वेतन एवं अन्य सरकारी राशि की भी वसूली की जाएगी। इसके लिए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को संबंधित शिक्षकों के विरुद्ध नीलाम पत्र वाद दायर करने का निर्देश दिया गया है।

Post a Comment