खबर: Tahalka Aawaz आपकी आवाज
चीफ एडिटर- रवि प्रकाश दुबे/नौहट्टा:-
नौहट्टा, थाना क्षेत्र के तिउरा गांव में हनुमान प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के शुभारंभ पर सोमवार को गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के साथ भव्य जलयात्रा निकाली गई। इस दौरान पूरा गांव भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। जलयात्रा का नेतृत्व नंदन सिंह की अगुवाई में किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
जलयात्रा जुलूस तिउरा गांव के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए श्रद्धा और आस्था का संदेश फैलाता रहा। महिलाएं सिर पर कलश लेकर भक्ति गीत गाती हुई चल रही थीं, जिससे पूरे क्षेत्र का माहौल आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया। जुलूस अंततः सोन नदी के तट पर पहुंचा, जहां विधि-विधान के साथ जलभरी की गई। इसके बाद संकल्पित जल से भरे कलशों को लेकर श्रद्धालु पुनः प्राण प्रतिष्ठा स्थल पर लौटे।
प्राण प्रतिष्ठा स्थल पर आचार्य सत्यव्रत आरूणी मिश्रा द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पंचांग पूजन कराया गया। इस अवसर पर हनुमान जी की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा हेतु चार दिवसीय यज्ञ का शुभारंभ किया गया, जो 23 अप्रैल तक चलेगा। यज्ञ के दौरान प्रतिदिन रामचरितमानस का पाठ और रात्रि में प्रवचनकर्ताओं द्वारा राम कथा का आयोजन किया जाएगा, जिससे श्रद्धालु धर्म और भक्ति की गहराइयों से जुड़ सकेंगे।
जलयात्रा के दौरान सोन नदी में सुरजीत मिश्रा, धनंजय मिश्रा, राहुल मिश्रा तथा पंडित बद्री विशाल द्वारा विधिपूर्वक जलभरी पूजन कराया गया। कार्यक्रम के मुख्य यजमान लल्लू सिंह ने बताया कि 23 अप्रैल तक प्रतिदिन भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया जाएगा। अंतिम दिन पूर्णाहुति के उपरांत विशाल भंडारा का आयोजन होगा, जिसमें गांव सहित आसपास के क्षेत्रों के लोग प्रसाद ग्रहण करेंगे।
इस धार्मिक आयोजन में पूर्व मुखिया बलराम सिंह, अजीत सिंह, हरेंद्र सिंह, धीरेंद्र सिंह, सुधीर सिंह, नरेंद्र सिंह, पप्पू सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान गांव में उत्सव जैसा माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

Post a Comment