दिनांक: 13/03/2026, दिन शुक्रवार
Tahalka Aawaz आपकी आवाज
सासाराम- जिला पदाधिकारी, रोहतास के कार्यालय कक्ष में गैस एवं पेट्रोलियम कंपनियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के क्षेत्रीय सेल्स प्रबंधक श्री अवध बिहारी शरण बैठक में अनुपस्थित पाए गए। इस दौरान जिला पदाधिकारी के समक्ष मौखिक रूप से यह शिकायत प्राप्त हुई कि श्री अवध बिहारी शरण की संलिप्तता इण्डेन गैस सिलेंडरों की जमाखोरी एवं कालाबाजारी में हो सकती है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पदाधिकारी, रोहतास द्वारा शिकायत की जांच हेतु अपर समाहर्त्ता-सह-जिला आपूर्ति पदाधिकारी, रोहतास श्री शशि शंकर की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच कमिटी का गठन किया गया है। इस जांच कमिटी में अनुमंडल पदाधिकारी, सासाराम तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सासाराम को भी सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
गठित जांच कमिटी को निर्देश दिया गया है कि प्राप्त शिकायत की गहनता से जांच करते हुए दो दिनों के भीतर संयुक्त जांच प्रतिवेदन जिला पदाधिकारी, रोहतास को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एलपीजी गैस, पेट्रोल एवं डीजल की जमाखोरी या कालाबाजारी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा आवश्यकतानुसार ही गैस एवं पेट्रोलियम पदार्थों का उपयोग करें।
Post a Comment