tahalka awaz आपकी आवाज
कैमूर में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक संपन्न,शिक्षा व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण पर दिया गया जोर कैमूर जिला मुख्यालय स्थित माँ मुंडेश्वरी सभागार में आज शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी महोदय कैमूर द्वारा की गई। बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री राजन कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (सर्व शिक्षा अभियान सह माध्यमिक शिक्षा) श्री विकास कुमार डी.एन., जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) श्री शंभू कुमार सिंह, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (योजना एवं लेखा) श्री विष्णुकांत राय सहित शिक्षा विभाग के सभी संभाग प्रभारी एवं संबंधित कर्मी उपस्थित रहे। समीक्षा के दौरान शिक्षा विभाग की सभी योजनाओं एवं कार्यक्रमों—नामांकन, छात्र-उपस्थिति, छात्रवृत्ति, पोशाक योजना, साइकिल योजना, विद्यालयों का आधारभूत संरचना विकास, शिक्षक उपस्थिति तथा पठन-पाठन की गुणवत्ता—पर विस्तृत चर्चा की गई योजनाओं के समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया गया। जिला पदाधिकारी महोदय ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में जिले के सभी कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों का औचक निरीक्षण कराने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि छात्राओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विद्यालय जांच के दौरान आवासीय व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता, शैक्षणिक गतिविधियाँ एवं सुरक्षा मानकों की विशेष जांच करने का निदेश दिया गया।साथ ही, सभी प्रखंड स्तरीय अधिकारियों को विद्यालयों का नियमित अनुश्रवण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। शिक्षकों की उपस्थिति, कक्षा संचालन की वास्तविक स्थिति तथा छात्र-छात्राओं की उपस्थिति का सतत निरीक्षण किया जाएगा।मध्याह्न भोजन योजना की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देते हुए जिला पदाधिकारी ने भोजन की मात्रा, पौष्टिकता एवं स्वच्छता की नियमित जांच के निर्देश दिए। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी ने कहा कि शिक्षा विभाग की योजनाएँ विद्यार्थियों के भविष्य से सीधे जुड़ी हैं, इसलिए सभी अधिकारी एवं कर्मी पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। बैठक का समापन शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, जवाबदेह एवं प्रभावी बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।


Post a Comment